AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने RSS को चीन से बड़ा खतरा बताया, कहा- RSS का महिमामंडन करना स्वतंत्रता संग्राम का अपमान

Owaisi on PM Modi: AIMIM चीफ और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में RSS का जिक्र करने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के भाषण में RSS का महिमामंडन करना स्वतंत्रता संग्राम का अपमान है। RSS और उसके वैचारिक सहयोगी अंग्रेजों के पिट्ठू रहे। वे कभी आजादी की लड़ाई में शामिल नहीं हुए और अंग्रेजों का विरोध करने से कहीं ज्यादा गांधी से नफरत करते थे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर हमें याद दिलाया है कि असली इतिहास को जानना और असली नायकों का सम्मान करना क्यों जरूरी है। अगर हम ऐसा नहीं करते तो वह दिन दूर नहीं जब कायरता को सबसे बड़ी बहादुरी बताकर बेचा जाएगा। RSS समावेशी राष्ट्रवाद के उन मूल्यों को नकारता है, जिनसे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरणा मिली थी।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने लाल किले से की RSS की तारीफ, कांग्रेस नेताओं को नहीं आया रास
ओवैसी ने कहा किहिंदुत्व की विचारधारा बहिष्कार में विश्वास करती है और हमारे संविधान के मूल्यों के विपरीत है। मोदी एक स्वयंसेवक के तौर पर नागपुर जाकर RSS की प्रशंसा कर सकते थे तो उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर लाल किले से ऐसा क्यों करना पड़ा ? चीन हमारा सबसे बड़ा बाहरी खतरा बना हुआ है, लेकिन उससे भी बड़ा खतरा हमारे भीतर है। संघ परिवार की फैलाई जा रही नफरत और विभाजन। हमें अपनी आजादी की सच्ची रक्षा के लिए ऐसी सभी ताकतों को हराना होगा। पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि वैचारिक और नीतिगत रूप से हम RSS से सहमत नहीं हैं। हम उनके आदर्शों के खिलाफ हैं। इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि 11 सालों में लाल किले की प्राचीर से जब प्रधानमंत्री बोलते हैं तो हमें उम्मीद होती है कि देश के प्रधानमंत्री की तरह बिना विद्वेष, पूर्वाग्रह, झुकाव के बोलेंगे। (Owaisi on PM Modi)
प्रधानमंत्री हर बार निराश करते हैं: झा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर बार निराश करते हैं। आजादी का दिन है RSS की भूमिका पर चर्चा होती तो हमें बेहद खुशी होती। एक सांस्कृतिक संगठन है, आजादी में उसकी भूमिका का मूल्यांकन देश के प्रधानमंत्री को करना चाहिए। फर्क करना मुश्किल हो गया कि चुनावी भाषण है या लाल किले की प्राचीर से देश के लिए संबोधन है। सपा प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का जब पहला अधिवेशन हुआ था तब भाजपा ने तय किया था कि धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी रास्ता अपनाएंगे। संघ परिवार का रास्ता धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी नहीं है। ये मुंह से स्वदेशी हैं, लेकिन मन से विदेशी हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार नकली गांधी की सरकार नहीं है। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, जो बोलते हैं ठोक कर बोलते हैं, उन्होंने साफ संदेश दिया है कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बहेंगे। (Owaisi on PM Modi)
RSS बहुत ही देशभक्त संगठन: सुवेंदु
केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने आगे कहा कि RSS एक ऐसा संगठन है कि जब भी देश पर कोई विपत्ति आई है, चाहे वह 1971 का भारत-पाक युद्ध हो या 1962 का चीन से युद्ध, RSS जनता के बीच खड़ा रहा है, जनता के लिए खड़ा रहा है, यही RSS है। पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इतना बड़ा देशभक्त संगठन पहले कभी नहीं आया, सारा काम यही करता है। कुछ दिन पहले जब यहां कोरोमंडल एक्सप्रेस हादसा हुआ था, तब RSS के स्वयंसेवकों ने 650 यूनिट रक्तदान किया था, ये बहुत ही देशभक्त संगठन है। प्रधानमंत्री ने जो कहा सही कहा। भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लाल किले की प्राचीर से ऐतिहासिक भाषण हुआ। उन्होंने साफ कहा कि मैं भारत के किसानों, गौपालकों, मछुआरों और दूध उत्पादन करने वालों के हित से कभी पीछे नहीं हटूंगा। एक स्वयंसेवक के रूप में मुझे बहुत गर्व हुआ कि RSS के 100 साल पूरे होने पर उन्होंने लाल किले की प्राचीर से इसकी तारीफ की। (Owaisi on PM Modi)
RSS 100% देशभक्त संगठन: रेड्डी
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि लोग कुछ भी कहें, RSS 100% देशभक्त संगठन है, जो देश के हित में काम कर रहा है। यह दुनिया का सबसे बड़ा गैर-राजनीतिक संगठन है। भारत के 140 करोड़ लोग जानते हैं कि RSS क्या है। यह एक प्रतिबद्ध संगठन है, जो भारत के कल्याण के लिए काम करता है। इसे कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी से प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। वहीं RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत एक अद्वितीय देश है। यह विश्व में शांति और खुशी लाने और अपने धर्म को दूसरों के साथ साझा करने का प्रयास करता है। हम स्वतंत्र इसलिए हुए थे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारे देश में हर कोई खुशी, साहस, सुरक्षा, शांति और सम्मान प्राप्त कर सके। आज दुनिया लड़खड़ा रही है। 2000 सालों से ज्यादा समय से कई प्रयोगों के बावजूद इसकी समस्याओं का समाधान अभी तक नहीं खोजा जा सका है। यह हमारा कर्तव्य है कि हम विश्व को समाधान प्रदान करें और धार्मिक सिद्धांतों पर आधारित हमारी दृष्टि के आधार पर खुशी और शांति से भरी एक नई दुनिया का निर्माण करें। (Owaisi on PM Modi)



