Pune bridge collapse : महराष्ट्र के पुणे में पुल ढहने से 6 की मौत, इंद्रायणी नदी में बहे 30 पर्यटक, रेस्क्यू जारी

Pune bridge collapse : महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक टूट गया। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 25 से 30 लोगों के बहने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
यह हादसा मावल तहसील के कुंदमाला इलाके में हुआ, जो एक लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर एक ही समय में बड़ी संख्या में पर्यटक तस्वीरें खींचने के लिए इकट्ठा हो गए थे। तभी अचानक पुल टूट गया और लोग नदी में गिर गए।

यह भी पढ़ें :- Kedarnath helicopter crash : गौरीकुंड में हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 7 लोगों की मौत; हेली सेवा पर अस्थायी रोक
स्थानीय विधायक सुनील शेलके ने जानकारी दी कि घटनास्थल पर SDRF और NDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन कई लोग अब भी लापता हैं। (Pune bridge collapse)
पुल के ढहने की घटना ने 30 अक्टूबर 2022 को गुजरात के मोरबी में हुए सस्पेंशन ब्रिज हादसे की याद ताजा कर दी है, जिसमें 135 लोगों की मौत हुई थी। उस समय भी क्षमता से अधिक लोग पुल पर मौजूद थे, जिससे पुल टूट गया था।
महाराष्ट्र के कई जिलों में रविवार को भारी बारिश हुई है। पुणे समेत रत्नागिरी और रायगढ़ में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि पालघर, ठाणे, सिंधुदुर्ग, सतारा और कोल्हापुर में ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम खराब होने के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में भी बाधाएं आ रही हैं। (Pune bridge collapse)
राज्य के मंत्री गिरीश दत्तात्रेय महाजन ने बताया कि वे खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर, पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर 18 एम्बुलेंस भेजी गई हैं और NDRF की एक विशेष टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत दल लोगों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। (Pune bridge collapse)



