ट्रॉले से टकराई तेज रफ्तार कार, हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

Road Accident in Rajasthan: राजस्थान के सिरोही में भीषण सड़क हादसा हुआ है। दरअसल, आबूरोड में एक तेज रफ्तार कार ट्रॉले से जा टकराई। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। मृतक जालोर के रहने वाले थे, जो कार से अहमदाबाद से लौट रहे थे। माउंटआबू के सीओ गोमाराम ने बताया कि 6 मार्च को सुबह तड़के 3 बजे किवरली के पास हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रॉले के नीचे घुस गई। कार की गेट को तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। हालांकि 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि 2 लोगों की मौत आबूरोड के अस्पताल में हुई।
यह भी पढ़ें:- राजस्थान में 3R और सर्कुलर अर्थव्यवस्था फोरम का आयोजन, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू हुए शामिल
हादसे के दौरान जोरदार ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी, जिसे सुनकर हाईवे पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों को निकालने की कोशिश की, लेकिन कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया था, जिसकी वजह से कार सवारों को निकालने में दिक्कत हुई। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्राले में फंसी कार को बाहर निकाला गया। शवों को निकालने के लिए कार के दरवाजे तोड़ने पड़े। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। (Road Accident in Rajasthan)

पुलिस ने बताया कि हादसे में जालोर के रहने वाले नारायण प्रजापत (58), उनकी पत्नी पोशी देवी (55) और बेटे दुष्यंत (24), ड्राइवर कालूराम (40) , उनके बेटे यशराम (4) और जयदीप प्रजापत की मौत हुई है। हादसे में मरने वाले जयदीप की मां दरिया देवी (35) गंभीर रूप से घायल है, जिनका इलाज जारी है। SDM शंकरलाल मीणा ने बताया कि कार सवार नारायण अपने परिवार के साथ 3 मार्च को अहमदाबाद गए थे, जहां उनका इलाज चल रहा था। कार ड्राइव करने के लिए वे अपने साले कालूराम को साथ लेकर गए थे। 4 मार्च को अहमदाबाद में अपने रिश्तेदार के घर रुके थे और 5 मार्च की रात को जालोर के लिए निकल गए थे। इस दौरान आबूरोड में हादसा हो गया। ट्रॉले में कोयला भरा हुआ था। आरोपी ड्राइवर ट्रॉले को छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। (Road Accident in Rajasthan)



