Google Analytics —— Meta Pixel

हिंदी ने पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का काम किया: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Shah on Hindi Diwas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदी दिवस के अवसर पर कहा कि भाषा अभिव्यक्ति का साधन होती है, वह जड़ नहीं हो सकती, जैसे जीवन में चेतना होती है, वैसे ही भाषा में भी चेतना होती है। अगर हम हिंदी भाषा को भूल जाते तो आज हम बिना जड़ के पेड़ की तरह खड़े होते। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हिंदी के समृद्ध होने से देश की सभी स्थानीय भाषाएं समृद्ध होंगी और स्थानीय भाषाओं की समृद्धि से हिंदी समृद्ध होगी। हमारी संस्कृति, इतिहास और अनेक पीढ़ियों में हुए साहित्य सृजन की आत्मा को समझने के लिए राजभाषा को सीखना बहुत जरूरी है। हिंदी की दूसरी भाषाओं से कोई रेस नहीं है। राजभाषा हिंदी का हर भारतीय के साथ अटूट रिश्ता है।

यह भी पढ़ें:- तीन खानदानों ने मिलकर लोगों के साथ पाप किया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

शाह ने कहा कि हिंदी एक जनतांत्रिक भाषा रही है, इसने अलग-अलग भारतीय भाषाओं और बोलियों के साथ-साथ कई वैश्विक भाषाओं को सम्मान दिया है। साथ ही उनकी शब्दावलियों, पदों और व्याकरण के नियमों को अपनाया है। हिंदी का किसी स्थानीय भाषा से कोई मतभेद नहीं है, हिंदी भारत की सभी भाषाओं की सखी है। हिन्दी ने पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का काम बखूबी किया है। उन्होंने कहा कि इस साल का हिंदी दिवस बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि 14 सितंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसके 75 साल पूरे हो रहे हैं। एक प्रकार से हम इस साल राजभाषा ‘हीरक जयंती’ मनाने जा रहे हैं। (Shah on Hindi Diwas)

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि 75 साल की ये यात्रा हिंदी के लिए और हमारे सभी राज्यों की अपनी-अपनी भाषाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण रही है। मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि हिंदी और किसी स्थानीय भाषा के बीच में कोई स्पर्धा नहीं है।
हिंदी एक प्रकार से सभी स्थानीय भाषाओं की सखी है। बता दें कि नई दिल्ली में हिंदी दिवस के अवसर पर चतुर्थ अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। साथ ही राजभाषा की स्मारिका का लोकार्पण कर स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किए। (Shah on Hindi Diwas)

अमित शाह ने कहा कि स्वभाषा, स्वभूषा और स्वसंस्कृति के आंदोलनों से विकसित हुई हिंदी भाषा और भारतीय भाषाओं में आपसी सामंजस्य से ही हम अपनी संस्कृति को आगे बढ़ा सकते हैं। बीते 10 सालों में मोदी सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। इस हिंदी दिवस पर आइए, राजभाषा हिंदी और सभी भारतीय भाषाओं को सशक्त करने में हम सहभागी बनें। सभी भारतीय भाषाएं और राजभाषा हिंदी एक दूसरे की पूरक हैं। राजभाषा में भारतीय भाषाओं की भूमिका को और भी बढ़ाने के लिए राजभाषा विभाग के ‘भारतीय भाषा अनुभाग’ का भी शुभारंभ किया। राजभाषा हिंदी और सभी भारतीय भाषाएं जिस प्रकार एक दूसरे की सखी की तरह विकसित होती रही है, इस अनुभाग के नेतृत्व में वे उसी अपनत्वता से आगे बढ़ती रहेगी। (Shah on Hindi Diwas)

गृहमंत्री शाह ने कहा कि हिंदी और स्थानीय भाषाओं के बीच कभी स्पर्धा नहीं हो सकती, हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है। जो देश अपनी भाषाओं की रक्षा नहीं कर पाते, वो अपने इतिहास, साहित्य और संस्कार से कट जाते हैं। भारत भू-राजनीतिक नहीं, भू-सांस्कृतिक देश है। भाषाओं को संजोकर ही हम अपनी संस्कृति और एकता को सुरक्षित रख सकते हैं। आने वाले वर्षों में हिंदी का शब्दकोष विश्व का सबसे बड़ा शब्दकोष बनाना है। सिर्फ मां ही है, जो भारतीय भाषाओं को बचा सकती है। अपने बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए विदेशी भाषाओं की जगह अपनी मातृभाषा अपनाएं, क्योंकि आने वाला समय भारतीय भाषाओं का समय है। आज UN में संचार की भाषा बनने के साथ-साथ हिंदी 10 से ज्यादा देशों की द्वितीय भाषा है। (Shah on Hindi Diwas)

Back to top button
error: Content is protected !!