देश से नक्सलवाद को उखाड़ फेंकेंगे: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Shah on Kanker Encounter: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांकेर मुठभेड़ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कल छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। जब से मोदी प्रधानमंत्री बने हैं तब से नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ भाजपा सरकार ने लगातार अभियान चलाया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद उस अभियान में और गति आई है। 2014 से हमने कैंप लगाना शुरू किया। 2019 के बाद कम से कम 250 कैंप लगाए गए हैं। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तीन महीने के अंदर 80 नक्सली मारे गए हैं। 125 से ज्यादा गिरफ्तार किए गए हैं। तीन महीने में 150 से ज्यादा नक्सलियों ने सरेंडर किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह आगे भी जारी रहेगा। 

यह भी पढ़ें:- नक्सलियों ने फिर की BJP नेता की हत्या, 1 साल में 11 नेताओं को उतारा मौत के घाट

उन्होंने कहा कि बहुत कम समय के अंदर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम देश से नक्सलवाद को उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गए हैं। इस ऑपरेशन को अपनी जांबाजी से सफल बनाने वाले सभी सुरक्षाकर्मियों को बधाई देता हूं और जो वीर पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। नक्सलवाद विकास, शांति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र के नेतृत्व में हम देश को नक्सलवाद के दंश से मुक्त करने के लिए संकल्पित हैं। सरकार की ऑफेंसिव नीति और सुरक्षा बलों के प्रयासों के कारण आज नक्सलवाद सिमट कर एक छोटे से क्षेत्र में रह गया है। जल्द ही छत्तीसगढ़ और पूरा देश पूरी तरह नक्सल मुक्त होगा। (Shah on Kanker Encounter)

बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 14 अप्रैल को खैरागढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि 3 साल के अंदर बस्तर से नक्सलवाद खत्म कर देंगे। अब बस्तर के बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर से लगे इलाकों में फोर्स नक्सलियों के ठिकाने तक पहुंच चुकी है। शाह के दौरे के 2 दिन बाद कांकेर में जवानों ने 29 नक्सलियों को मार गिराया है। इसे प्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा नक्सल एनकाउंटर बताया जा रहा है। डिप्टी CM विजय शर्मा इसे नक्सलवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक बता रहे हैं। वहीं अफसरों का कहना है कि चुनाव से पहले ये कांकेर की जनता को बहुत बड़ा तोहफा है। (Shah on Kanker Encounter)

गृह मंत्रालय के मुताबिक देश के 10 राज्यों के 70 जिले नक्सलवाद से प्रभावित हैं। इनमें सबसे ज्यादा झारखंड के 16 और छत्तीसगढ़ के 14 जिले हैं। इनमें बलरामपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, महासमुंद, नारायणपुर, राजनंदगांव, सुकमा, कबीरधाम और मुंगेली शामिल हैं। छत्तीसगढ़ से ज्यादा नक्सल प्रभावित क्षेत्र झारखंड में है, लेकिन छत्तीसगढ़ में हमलों की संख्या दोगुनी है। SATP यानी साउथ एशिया टेररिज्म पोर्टल के मुताबिक पिछले 14 सालों में 1 हजार 582 नक्सली हमले हुए हैं। इनमें 1002 आम नागरिक और 1452 नक्सली मारे गए हैं। वहीं 1222 जवान भी शहीद हुए हैं। हालांकि इस बार जवान नक्सलियों पर भारी पड़ रहे हैं। (Shah on Kanker Encounter)

Related Articles

Back to top button