असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा का बड़ा बयान, कहा- लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी को करेंगे गिरफ्तार

Assam CM on Rahul: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद हम राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे। बता दें कि 23 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उखाड़ दिया था। इसके बाद असम के CM ने DGP को राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। 24 जनवरी को राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और पार्टी के दूसरे नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें:- Bharat Bandh : 16 फरवरी को भारत बंद, भारतीय किसान यूनियन ने किया ऐलान, जानें अब क्या है मांग

मुख्यमंत्री हिमंता ने मामला दर्ज होने के एक दिन बाद कहा कि यात्रा का पूरा इरादा असम को परेशान करना और शांति को खतरे में डालना था। हम एक SIT बनाएंगे, जो मामले की जांच करेगी और लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद हम राहुल को गिरफ्तार करेंगे। हमने अभी कार्रवाई की तो वे इसे राजनीतिक कदम कहेंगे। इन नेताओं के खिलाफ हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमले की धाराएं लगाई गई हैं। असम पुलिस का आरोप है कि यात्रा के लिए जो रूट तय किए गए थे उससे हटकर उन्होंने दूसरा रूट लिया। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने साजिश के तहत भीड़ को उकसाया और उन्हें गुवाहाटी शहर की ओर ले गए। (Assam CM on Rahul)

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने गृहमंत्री शाह को लिखी चिट्‌ठी 

इधर, असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृहमंत्री अमित शाह को दो पेज की चिट्‌ठी लिखी है। चिट्‌ठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 18 जनवरी को असम में एंट्री के बाद 22 जनवरी तक राहुल की सुरक्षा में चूक की 5 घटनाओं का जिक्र है। खड़गे ने गृहमंत्री से कहा कि असम के मुख्यमंत्री और वहां के DGP को आप निर्देश दें, ताकि कोई अनहोनी की स्थिति न बने। खड़गे का कहना है कि यात्रा के विरोध में भाजपा समर्थक राहुल के काफिले के बिल्कुल नजदीक पहुंच रहे हैं। ऐसे में राहुल को भी मजबूरन अपनी सुरक्षा को दरकिनार कर बाहर आना पड़ता है। वहीं राहुल गांधी ने कहा था कि देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा है। (Assam CM on Rahul)

Related Articles

Back to top button