बोरवेल में गिरे 7 साल के मासूम की मौत, मासूम बोरवेल में 43 फीट गहराई में फंसा था

Lokesh Died in Borewell: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 7 साल के बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस और NDRF की टीम ने करीब 24 घंटे के रेस्क्यू के बाद उसे बाहर निकाला। टीम बच्चे को लेकर लटेरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और उसे ICU में ले जाया गया, यहां डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें:- इस तरह करें एनीमिया से बचाव, फैसला आपके चुस्त-दुरुस्त रहने का…

बच्चे का पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव गांव खेरखेड़ी ले जाया गया है, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की मौत करीब 12 घंटे पहले हो चुकी थी। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर सुबह तक बच्चे के मूवमेंट की बात कहते रहे। कलेक्टर ने कहा कि एक हफ्ते में जिले के सारे बोरवेल के गड्ढे ढंक दिए जाएं। प्रशासन द्वारा इसके प्रयास किए जाएंगे। मासूम बोरवेल में 43 फीट गहराई में फंसा था। बोरवेल 60 फीट गहरा है। इसके समानांतर मंगलवार को दिन भर और फिर रातभर गड्‌ढे की खुदाई की गई। (Lokesh Died in Borewell )

बुधवार सुबह 8 बजे तक 50 फीट गड्‌ढा खोदा गया। इसके बाद 5 फीट टनल बनाकर बच्चे को निकाला गया। खुदाई के बाद टनल के पास एम्बुलेंस खड़ी कर दी गई थी। चाइल्ड स्पेशलिस्ट और मेडिकल स्टाफ को टनल के पास बुला लिया गया। मौके पर कलेक्टर उमाशंकर भार्गव, लटेरी SDM हर्षल चौधरी, ASP समीर यादव मौजूद थे। कलेक्टर भार्गव के मुताबिक लोकेश अहिरवार बंदरों के पीछे भाग रहा था। इसी दौरान वह खेत में खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। सूचना के बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया था। सबसे पहले बच्चे को ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की गई। CCTV की मदद से बच्चे के मूवमेंट पर नजर रखी थी। (Lokesh Died in Borewell)

इधर, विदिशा में ट्यूबवेल में गिरे बच्चे की मौत के बाद भोपाल पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। देहात SP किरण लता केरकेट्‌टा ने बताया कि किसी भी खुले ट्यूबवेल की सूचना देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। उसे पुरस्कृत भी किया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। कलेक्टर ने भी अपील की है कि जिनके भी ट्यूबवेल खुले हैं, उन्हें बंद करवा लें, ताकि कोई हादसा न हो। लोकेश की दादी उषा बाई ने कहा कि हम मजदूरी करने आए थे। नाती भी साथ आया था। खेत में हम फसल काट रहे थे। तभी मेढ़ पर बंदर आ गए। उन्हें भगाने के लिए वह दौड़ के आया। उसे नहीं पता था कि फसलों के बीच खेत में बोरवेल भी है। वह उसमें गिर गया। (Lokesh Died in Borewell)

बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में सोमवार शाम बोरवेल में गिरे पांच साल के बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चा करीब 15 फीट नीचे गिर गया था, जिसे निकालने के लिए NDRF की पांच टीम जुटी हुई थी। बच्चे को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन रेस्क्यू के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बच्चे का नाम सागर बताया जा रहा है। उसके पिता कोपार्डी गांव में गन्ने काटने का काम करते हैं। NDRF के मुताबिक सोमवार शाम 4 बजे बच्चा खेलते-खेलते अचानक बोरवेल में गिर गया। पुलिस ने तब जानकारी दी थी कि एंबुलेंस और बाकी मेडिकल मदद को स्पॉट पर तैयार रखा गया है, ताकि बच्चे के बाहर निकलते ही तुरंत उसका इलाज कराया जा सके। इसके बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका। बता दें कि बीते कुछ सालों में बोरवेल में गिरने की घटनाएं बहुत बढ़ गई है। (Lokesh Died in Borewell)

Related Articles

Back to top button