किसानों के खातों में आज आएगा पीएम किसान योजना का पैसा, PM मोदी जारी करेंगे करोड़ो की धनराशि

PM Kisan Yojana 17th Installment 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार पीएम बनने के बाद सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 17वीं किस्त जारी होने की फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद ये किस्त जारी होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया और अब आज 18 जून 2024 को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी 17वीं किस्त जारी करेंगे।
यह भी पढ़ें:- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मणिपुर को लेकर की बैठक, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
जिसमें 9.26 करोड़ से अधिक किसानों को 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ मिलेगा. इसके अलावा प्रधानमंत्री कृषि सखी के रूप में प्रशिक्षित 30,000 से अधिक एसएचजी को पैरा एक्सटेंशन कार्यकर्ताओं के रूप में काम करने के लिए प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे ताकि वे पैरा-विस्तार कार्यकर्ता के रूप में काम कर सकें और साथी किसानों को खेती में मदद कर सकें.
इससे पहले 28 फरवरी को 16वीं किस्त जारी की गई थी. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) की शुरुआत 1 फरवरी 2019 को हुई थी, जिसके तहत अब तक 16 किस्तें किसानों के खाते में ट्रांसफर की जा चुकी है. इस योजना के तहत किसानों को हर साल तीन किस्तों में 6000 रुपये दिए जाते हैं. ये राशि सीधे किसानों के खाते में भेजी जाती है. केंद्र सरकार ने पीएम किसान योजना का लाभ उठाने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी ने सबसे पहले पीएम किसान योजना (PM Kisan Yojana) की 17वीं किस्त जारी करने से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर किए. पीएम किसान योजना की शुरुआत से अब तक देश भर के 11 करोड़ से अधिक किसानों को 3.04 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है.



