लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगा विपक्ष, बजट सत्र में टकराव तेज
Budget Session : संसद के बजट सत्र (Budget Session) के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार तीखा होता जा रहा है। इसी कड़ी में विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में जुट गया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई है, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि यदि विपक्ष को संसद में अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया तो स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा।
यह भी पढ़े :- रायपुर में चमत्कार का झांसा! 100 गुना पैसा बढ़ाने का दावा, कारोबारी ठगा गया, पढ़े पूरी खबर
विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा (Budget Session) में उन्हें जानबूझकर बोलने से रोका जा रहा है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी सांसदों के निलंबन और महिला सांसदों पर लगे आरोपों जैसे गंभीर मुद्दों पर सदन में अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी गई। सोमवार (9 फरवरी, 2026) को विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही पहले स्थगित करनी पड़ी और बाद में सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
स्पीकर के खिलाफ नोटिस देने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, लगभग सभी विपक्षी दल लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर सहमत हो गए हैं। जल्द ही इस संबंध में लोकसभा महासचिव को नोटिस सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है। विपक्ष का कहना है कि सदन की कार्यवाही निष्पक्ष रूप से नहीं चलाई जा रही है और लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन हो रहा है।
धन्यवाद प्रस्ताव पर भी नहीं हो सकी चर्चा
बजट सत्र के दौरान विपक्ष के लगातार हंगामे के चलते राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी। हालात ऐसे बने कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव को पारित करना पड़ा। इसे लेकर विपक्ष ने सत्तापक्ष और स्पीकर की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।
हिमंत बिस्व सरमा के वीडियो पर भी गरमाई सियासत
इसी बीच विपक्षी सांसदों ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि एक मुख्यमंत्री होते हुए हिमंत बिस्व सरमा इस तरह के वीडियो बनवाते हैं, जिन्हें असम बीजेपी सोशल मीडिया पर पोस्ट करती है और बाद में डिलीट कर दिया जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
विपक्ष ने असम बीजेपी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी किए गए एक वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें मुख्यमंत्री टोपी पहनकर दो लोगों पर निशाना साधते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो को कुछ ही देर बाद डिलीट कर दिया गया, लेकिन विपक्ष इसे लेकर अब भी बीजेपी पर हमलावर है।
राजनीतिक टकराव और गहराने के संकेत
लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी और विपक्ष के लगातार हंगामे से साफ है कि बजट सत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमाने वाला है। आने वाले दिनों में संसद के भीतर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।



