गैस कटर से एटीएम काटते रंगे हाथों पकड़ा गया चोर, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी वारदात

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एटीएम चोरी की बड़ी घटना टल गई। गेरवानी स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी निकालने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े :- देश में भीषण गर्मी का कहर, कई शहरों में पारा 46°C के पार, हीट स्ट्रोक का बढ़ा खतरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 3 बजे एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। गश्त पर निकली टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक युवक मशीन को गैस कटर से काटते हुए पाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय पंकज कुमार पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के डूबरीडीह गांव का निवासी है और वर्तमान में गेरवानी क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले एक प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उसने चोरी की योजना बनाई। पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे पर काला स्प्रे किया था और रेनकोट पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।
घटना में एटीएम मशीन को करीब 3.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते एटीएम में रखी नकदी सुरक्षित बचा ली गई। इस संबंध में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस सराहनीय कार्रवाई में शामिल आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।



