‘सिर पर संविधान रखकर नाचने वाले ही उसे कुचलते थे’ – विपक्ष पर PM मोदी का तीखा हमला
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को दो बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग प्रोजेक्ट्स – द्वारका एक्सप्रेसवे (दिल्ली सेक्शन) और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) का उद्घाटन किया। दिल्ली के रोहिणी में आयोजित रोड शो और जनसभा में पीएम मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। करीब 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने ये प्रोजेक्ट्स दिल्ली-एनसीआर की ट्रैफिक समस्या को बड़ी राहत देंगे और कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेंगे।
यह भी पढ़े :- Election Commission Press Conference : CEC ज्ञानेश कुमार का बड़ा बयान- “हलफनामा या माफी… तीसरा विकल्प नहीं”
दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार
पीएम मोदी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में दिल्ली-एनसीआर में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। आज यहां आधुनिक एक्सप्रेसवे, मेट्रो नेटवर्क, नमो भारत जैसी रैपिड रेल सेवाएं और अब नई सड़कें मौजूद हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-II से दिल्ली, गुरुग्राम और एनसीआर के लोगों को जाम से राहत मिलेगी और व्यापारियों व किसानों को फायदा होगा।
‘कचरे के पहाड़ों से मुक्ति का संकल्प’
प्रधानमंत्री ने बताया कि अर्बन एक्सटेंशन रोड का निर्माण लाखों टन कचरे का वैज्ञानिक उपयोग करके किया गया है। उन्होंने कहा, “दिल्ली को कचरे के पहाड़ों से मुक्ति दिलाने का हमारा संकल्प जारी है और यह प्रोजेक्ट उसी दिशा में बड़ा कदम है।”
विपक्ष पर तंज – ‘संविधान को कुचलते थे’
पीएम मोदी ने अपने भाषण में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग सिर पर संविधान रखकर नाचते थे, वही संविधान को कुचलते थे।” उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों ने सफाईकर्मियों पर अन्यायपूर्ण कानून बनाए थे। भाजपा सरकार ने ऐसे सैकड़ों पुराने और खतरनाक कानून खत्म किए।
दिवाली से पहले जीएसटी में बड़े सुधार
आर्थिक सुधारों पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि दिवाली से पहले जीएसटी में बड़े रिफॉर्म किए जाएंगे, जिससे कारोबारियों और आम नागरिकों को लाभ होगा। साथ ही उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान करते हुए कहा कि त्योहारों में भारत में बने सामान ही खरीदें, ताकि मजदूर और कारोबारियों को लाभ मिले।
40 मिनट में होगा ढाई घंटे का सफर
UER-II के शुरू होने के बाद सिंघु बॉर्डर से द्वारका एक्सप्रेसवे तक की यात्रा मात्र 40 मिनट में पूरी होगी, जबकि अभी इसमें ढाई घंटे लगते हैं। इससे रोजाना दिल्ली में एंट्री करने वाले करीब तीन लाख वाहनों को शहर के भीतर नहीं आना पड़ेगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली सेक्शन
10.1 किलोमीटर लंबे द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली सेक्शन को 5,360 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह शिव मूर्ति चौक से द्वारका सेक्टर-21 और फिर हरियाणा बॉर्डर तक मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी देगा।
सरकार का दावा है कि द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-II, दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए गेम-चेंजर साबित होंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार देंगे।



