AI नहीं, अब कहिए SI, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बदला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नाम

Trump Renames AI To SI: अब तक आप जिस तकनीक को दुनियाभर में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नाम से जानते थे, अमेरिका में अब उसे SI कहा जाएगा। एसआई यानी सुपर इंटेलिजेंस। यह नया नाम किसी और ने नहीं, बल्कि खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिया है। हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका के बड़े टेक और एआई दिग्गजों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क जैसी दिग्गज हस्तियां मौजूद थीं। ट्रंप का यह कदम सिर्फ एक नाम बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दुनियाभर में सुपर इंटेलिजेंस की एक नई और खतरनाक होड़ की शुरुआत का संकेत दे रहा है। ऐसे वक्त में जब दुनियाभर के तमाम बड़े एक्सपर्ट्स AI से इंसानों को होने वाले खतरे की चेतावनी दे रहे हैं, ट्रंप ने इस क्षेत्र में काम और तेज करने का प्रस्ताव दे डाला है।
यह भी पढ़ें:- अक्टूबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, आपके शहर में कब रहेगी छुट्टी? यहां देखें पूरी लिस्ट
टेक दिग्गजों से सजी इस बैठक में डोनाल्ड ट्रंप ने साफ तौर पर ऐलान किया कि अमेरिका अब AI को एक नए मुकाम पर ले जा रहा है। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि हमने AI का नाम आधिकारिक रूप से बदल दिया है। अब हम AI को ऑफिशियली SI कहेंगे। इसका नया मतलब है- सुपर इंटेलिजेंस। इस बैठक की सबसे चौंकाने वाली बात एलन मस्क का बदला हुआ रुख रहा, जो एलन मस्क कल तक AI को मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा बता रहे थे, वो अचानक सुपर इंटेलिजेंस के फायदे गिनाने लगे। मस्क ने ट्रंप के सुर में सुर मिलाते हुए खुद भी AI को SI कहना शुरू कर दिया। मस्क ने नौकरी छिनने के डर पर तर्क देते हुए कहा कि पहले कंप्यूटर होना भी एक नौकरी हुआ करती थी। बैंक ऐसी कैलकुलेशन करने वाले लोगों से भरे रहते थे, लेकिन अब यह काम डिजिटल कंप्यूटर करते हैं। (Trump Renames AI To SI)
गॉडफादर ऑफ AI की खौफनाक चेतावनी
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि कोई भी इंसान आज वापस जाकर दिनभर बैंक की ब्याज दरों का हिसाब-किताब करना चाहेगा। मेरे ख्याल से यह सिर्फ हमारी भूमिकाओं में एक बदलाव है, इससे ज्यादा कुछ नहीं। मस्क ने मेडिकल क्षेत्र में इसके फायदों का जिक्र करते हुए आगे कहा कि जब आपके पास रोबोट्स होंगे, सुपर इंटेलिजेंस होगा तो इससे पूरी दुनिया में इलाज की प्रक्रिया बेहतर होगी। कुछ ऐसा जो इंसान नहीं कर सकते, वो ये करेंगे। यह मेरे और आपके लिए वाकई बहुत बढ़िया होगा। एक तरफ ट्रंप और मस्क जैसे दिग्गज सुपर इंटेलिजेंस के कसीदे पढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ AI के जनक कहे जाने वाले मशहूर अमेरिकी साइंटिस्ट जेफ्री हिंटन इसके खौफनाक अंजाम की चेतावनी दे रहे हैं। ट्रंप की इस बैठक से ठीक एक दिन पहले जेफ्री हिंटन ने अमेरिकी सांसदों के साथ बंद कमरे में हुई एक मीटिंग में चौंकाने वाले खुलासे किए। (Trump Renames AI To SI)
चीन के साथ साझेदारी से ट्रंप का साफ इनकार
हिंटन के मुताबिक भले ही AI को कोई खतरनाक काम न सौंपा जाए, फिर भी वह इंसानियत के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है। सरल भाषा में कहें तो जब यह सिस्टम इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान यानी सुपर इंटेलिजेंट हो जाएगा तो वह अपने मनमाफिक छोटे लक्ष्य खुद तय करने लगेगा। अगर मशीन को लगा कि अपना काम जारी रखने के लिए उसका एक्टिव रहना जरूरी है और इंसान उसमें रुकावट बन रहे हैं, तो वह इंसानों को ही रास्ते से हटाने लगेगा। इस तकनीक की रेस में अमेरिका का सीधा मुकाबला चीन से है। चीन लगातार दावा करता रहा है कि खासकर ह्यूमनाइड रोबोट्स और AI पावर के मामले में अमेरिका उसके सामने कुछ भी नहीं है। हाल ही में जब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिका का दौरा किया था तो कयास लगाए जा रहे थे कि AI की इस अंधी होड़ को रोकने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। (Trump Renames AI To SI)
दुनिया के लिए क्या हैं इसके मायने ?
ट्रंप का मानना है कि जिनपिंग के साथ काम करना अमेरिका के लिए खतरे से खाली नहीं है। ट्रंप ने कहा कि सच कहूं तो इस मुकाबले में अमेरिका और चीन के बाद तीसरा कोई और देश नहीं है। चीनी राष्ट्रपति जब अमेरिका आए थे तो हमने इस पर बात की थी, लेकिन ज्यादा नहीं, क्योंकि हम SI तकनीक को लीड कर रहे हैं तो हम किसी से साझेदारी की बात क्यों करें? कुछ लोग कहते हैं कि हमें चीन के साथ मिलकर काम करना चाहिए, लेकिन ऐसा होने पर वो SI की उस एडवांस तकनीक तक पहुंच बना लेंगे, जो फिलहाल उनके पास नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप का यह नया रुख स्पष्ट करता है कि अमेरिका किसी भी कीमत पर सुपर इंटेलिजेंस की रेस में चीन से पीछे नहीं रहना चाहता, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि चीन के साथ इस होड़ में सुपर इंटेलिजेंस पर ताबड़तोड़ और अनियंत्रित काम दुनिया के लिए कितना जोखिम भरा हो सकता है ? फिलहाल मुनाफा और तकनीकी वर्चस्व की इस जंग में दुनिया के बड़े टेक कारोबारी और राजनेता इस सवाल पर विचार करने तक को तैयार नहीं दिखते।



