23 साल बाद इराक से अमेरिकी सैनिकों की विदाई, मिडिल ईस्ट के युद्ध में अमेरिका की वजह से इराक बना अखाड़ा

US Troops Departure Iraq: अमेरिका ने इराक को मिडिल ईस्ट में युद्ध का अखाड़ा बनाने के बाद आखिरकार अपनी सेना को वहां से समेटने का फैसला कर लिया है। अमेरिका की ओर से 23 साल पहले इराक में गाड़ा गया सेना का तंबू अब पूरी तरह उखाड़ा जा रहा है। रात के अंधेरे में अमेरिकी सेना का आखिरी काफिला भी अपने साजो-सामान के साथ वापस लौट रहा है। बख्तरबंद गाड़ियों और ट्रकों में भरे सैन्य साजो-सामान के साथ हो रही इस वापसी ने एक बार फिर पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हर छोटी-मोटी बात पर खुलकर बयान देने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का इराक से सैन्य वापसी पर कोई बड़ा बयान सामने नहीं आया है। दिलचस्प यह है कि यही ट्रंप कभी अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन को अफगानिस्तान से सेना वापसी के लिए हजारों बार कोस चुके हैं और अफगानिस्तान में 20 साल के सैन्य खर्च का हिसाब मांग चुके हैं।
यह भी पढ़ें:- AI नहीं, अब कहिए SI, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बदला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नाम
अब साल 2024 में बाइडेन के लिए गए इराक से पूरी तरह सैन्य वापसी के फैसले का ट्रंप चुपचाप पालन कर रहे हैं। ऐसे में यह सवाल बड़ा हो गया है कि क्या ट्रंप इराक में हुए अरबों डॉलर के सैन्य खर्च और वहां गंवाई गईं जिंदगियों का हिसाब देंगे? इराक में पिछले 23 सालों में करीब 4500 अमेरिकी जवानों की मौत हुई है और अरबों डॉलर का खर्च आया है। इराक हाल के बरसों में एक ऐसा अकेला देश रहा है, जिसके अमेरिका और ईरान दोनों के साथ करीबी रिश्ते रहे हैं, लेकिन अमेरिकी सैन्य अड्डों की मौजूदगी की वजह से आज इराक ईरान का मुख्य निशाना बन चुका है। ईरान और इराक पारंपरिक रूप से दुश्मन रहे हैं, लेकिन अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान समर्थित गुटों ने इराक में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर 600 से ज्यादा बार हमले किए। इन हमलों में अमेरिकी सैन्य बेस को भारी नुकसान हुआ, जिसे अमेरिका ने शुरुआत में छिपाने की कोशिश की, लेकिन 7 अमेरिकी सैनिकों की मौत की खबर ने अमेरिकी मीडिया में हलचल मचा दी। अब 30 सितंबर तक इराक से अमेरिकी सेना का फुल पैक-अप हो चुका है। (US Troops Departure Iraq)
क्या मंडरा रहा है गृहयुद्ध का खतरा ?
वर्ल्ड मीडिया में अब सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि अमेरिका वापस जा रहा है, बल्कि यह है कि अमेरिकी सेना के हटने के बाद इराक का हाल क्या होगा? एक्सपर्ट्स और विश्लेषकों ने कई गंभीर आशंकाएं जताई हैं। उनके मुताबिक इराक में ईरान समर्थित विद्रोही गुट और ज्यादा ताकतवर हो सकते हैं। ईरान के समर्थन वाला एक बड़ा गुट ‘इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक’ लगातार सेना और सरकार पर अपना दबाव बढ़ा रहा है। अमेरिका विरोधी आतंकी संगठन जैसे ISIS एक बार फिर से एक्टिव हो सकते हैं। सुन्नी कबीलों का साफ कहना है कि इराक अभी अपनी आंतरिक सुरक्षा करने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं है। यह कोई पहला मौका नहीं है, जब अमेरिकी सेना किसी देश को युद्ध की आग में झोंककर वापस लौटी हो। 30 अगस्त 2021 को अफगानिस्तान से वापसी की वो डरावनी तस्वीरें आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं, जब हजारों लोग तालिबान के खौफ से भाग रहे थे और आखिर में तालिबान ने सत्ता पर कब्जा कर लिया था। (US Troops Departure Iraq)

अमेरिकी सेना का यह पुराना इतिहास रहा है कि वह किसी देश के आंतरिक मामलों में सुरक्षा का भरोसा देकर वहां दखल देती है, सालों तक अपनी कठपुतली सरकार की हिफाजत करती है और आखिर में उस देश को गृहयुद्ध के मुहाने पर छोड़कर वापस भाग जाती है। 1970 के दशक में वियतनाम, 1990 के दशक में सोमालिया और बराक ओबामा के कार्यकाल में सीरिया। यह अमेरिकी सेना का पुराना और जाना-पहचाना इतिहास रहा है, जब वह किसी देश को आंतरिक संघर्ष और युद्ध की आग में झोंकने के बाद उसे बीच मझधार में छोड़कर वापस लौट आई और अब ठीक यही दर्दनाक हाल इराक का होता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। अक्सर इराकी नागरिक भी अमेरिकी सेना की मौजूदगी से परेशान थे, लेकिन ईरान समर्थित गुटों के बढ़ते प्रभाव के बीच इस जल्दबाजी को खतरे की घंटी मान रहे हैं। अमेरिका की इस सैन्य वापसी से ईरान में खासा उत्साह है और तेहरान साफ कर चुका है कि उसका अंतिम लक्ष्य पूरे मध्य-पूर्व से अमेरिकी सेना को जड़ से उखाड़ फेंकना है।




