Puri Rath Yatra 2025 : पुरी में जगन्नाथ यात्रा के दौरान भीड़ बेकाबू, करीब 600 से श्रद्धालु घायल

Puri Rath Yatra 2025 : ओडिशा के पुरी में शुक्रवार को निकली विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ के चलते अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। भीषण गर्मी और भारी भीड़ के दबाव के चलते करीब 600 श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है, जिनमें से कई को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कम से कम आठ लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें :- Sardaar Ji 3 controversy : ‘सरदार जी 3’ को लेकर मचा बवाल, पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के कारण दिलजीत दोसांझ हुए ट्रोल
यह घटना रथ यात्रा की शुरुआत के दौरान हुई, जब भगवान बलभद्र के रथ ‘तालध्वज’ को खींचने का कार्य शुरू हुआ। ग्रैंड रोड पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एक साथ उमड़ पड़े और अपनी आस्था व उत्साह में रथ की रस्सी को छूने के लिए दौड़ पड़े। यह प्रयास उस समय अनियंत्रित हो गया, जब भीड़ ने लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित गुंडिचा मंदिर की ओर रथ को खींचना शुरू किया। (Puri Rath Yatra 2025)
गर्मी, उमस और भीड़ के अत्यधिक दबाव से बड़ी संख्या में लोग बेहोश होने लगे। कई श्रद्धालुओं को हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) और हाईटेक अस्पताल में तत्काल प्राथमिक चिकित्सा दी गई। प्रशासन ने बताया कि लगभग 68 लोगों को OPD में इलाज उपलब्ध कराया गया, जबकि गंभीर स्थिति में पहुंचे आठ श्रद्धालुओं को डीएचएच में स्थानांतरित किया गया।
इस अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और मोबाइल मेडिकल यूनिट की व्यवस्था पहले से कर रखी थी, जिससे कई लोगों को समय पर इलाज मिल सका। हालांकि, भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। (Puri Rath Yatra 2025)
पुरी की रथ यात्रा हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है, लेकिन इस बार उमस भरे मौसम और भीड़ की बेतहाशा संख्या ने प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा ले ली। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संयम बरतें, गर्मी और भीड़ को देखते हुए सावधानी से शामिल हों। साथ ही, भीड़भाड़ वाले समय में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को घर पर ही भगवान के दर्शन करने की सलाह दी गई है। (Puri Rath Yatra 2025)



