नेपाल में फिर भड़की हिंसा, प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, देश में आपात हालात जैसे हालात

Violence in Nepal: नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। देश की राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में हालात पूरी तरह से बिगड़ चुके हैं। संसद, सर्वोच्च न्यायालय और सरकार के कई मंत्रालयों की इमारतें अब प्रदर्शनकारियों के कब्जे में हैं। अब तक 19 लोगों की मौत और 400 से ज्यादा लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। प्रधानमंत्री ओली ने सोमवार दोपहर राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को अपना त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफा सौंपते हुए ओली ने कहा कि देश में व्याप्त वर्तमान असामान्य स्थिति को देखते हुए मैंने संविधान के अनुच्छेद 77(1)(ए) के अनुसार आज से प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, ताकि देश में राजनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
यह भी पढ़ें:- नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी, भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, एअर इंडिया ने काठमांडू की फ्लाइट्स की रद्द
राष्ट्रपति पौडेल ने ओली का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। काठमांडू में स्थिति विस्फोटक हो चुकी है। संसद भवन, मंत्रियों के कार्यालय और सर्वोच्च न्यायालय जैसी प्रमुख इमारतों पर प्रदर्शनकारियों ने कब्जा जमा लिया है। सेना द्वारा कुछ मंत्रियों को हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। हिंसा की चपेट में कई वरिष्ठ नेता भी आए हैं। इधर, पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को उनके घर में घुसकर पीटा गया। वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को उनके घर के पास दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया। एक वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी उनके सीने पर लात मारते नजर आ रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’, संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग, और पूर्व उपराष्ट्रपति बिमलेंद्र निधि के घरों में आग लगा दी गई। (Violence in Nepal)

कांग्रेस महासचिव विश्वप्रकाश शर्मा और गगन कुमार थापा के घरों को भी नहीं बख्शा गया। काठमांडू के मेयर बालेंदु शाह ने आंदोलन को “Gen-Z का आंदोलन” करार देते हुए युवाओं से नेतृत्व संभालने की अपील की। उन्होंने कहा कि Gen-Z आपके हत्यारे का इस्तीफा आ चुका है। अब देश की बागडोर नई पीढ़ी के हाथ में होनी चाहिए। शाह ने सेना प्रमुख से बातचीत की इच्छा जताई, लेकिन शर्त रखी कि संसद पहले भंग की जाए। ओली के इस्तीफे के बाद नेपाली राजनीति में नई अस्थिरता आ गई है। जुलाई 2024 में बनी गठबंधन सरकार में नेपाली कांग्रेस की 88 सीटें और ओली की CPN (UML) की 79 सीटें शामिल थी, जो अब टूटने की कगार पर है। नेपाली कांग्रेस के कई नेताओं ने पहले ही इस्तीफा दे दिया है। (Violence in Nepal)

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. बाबूराम भट्टाराई ने “Gen-Z के साथ मिलकर एक अंतरिम सरकार” बनाने का प्रस्ताव भी रखा है। काठमांडू, जनकपुर, झापा और भक्तपुर समेत कई शहरों में हालात बिगड़ चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों, वाहनों और दफ्तरों को आग के हवाले कर दिया है। भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल की पनिटांकी सीमा चौकी पर निगरानी बढ़ा दी गई है। SP प्रवीण प्रकाश ने बताया कि एक अस्थायी पुलिस पोस्ट बनाई गई है और सीमा गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है। दिल्ली से उड़ान 6E1153 और मुंबई से उड़ान 6E1157 को लखनऊ डायवर्ट कर वापस भेजा गया। हवाई यातायात पूर्ण रूप से ठप है। (Violence in Nepal)

सरकार की ओर से लगाया गया सोशल मीडिया प्रतिबंध अब हटा लिया गया है। बीती रात से लोग फिर से इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर पा रहे हैं। पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र शाह ने प्रदर्शनकारियों पर हुए अत्याचारों की निंदा करते हुए कहा कि Gen-Z की जायज मांगों को नजरअंदाज कर उनके खिलाफ हिंसा करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को आत्ममंथन करने की जरूरत है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पूरा राजनीतिक तंत्र भंग किया जाए और युवाओं को शासन में लाया जाए। राजधानी समेत कई हिस्सों में सेना को तैनात किया गया है। हालात पर नजर रखी जा रही है, लेकिन फिलहाल शांति बहाल होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। (Violence in Nepal)



