Google Analytics —— Meta Pixel

संसद के विशेष सत्र से पहले घमासान, विपक्ष बोला- सरकार की नीयत ठीक नहीं, अखिलेश बोले- सीमा बचा नहीं पा रहे, परिसीमन में उलझा रहे

Opposition on Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन के फैसले को देश के अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है। वहीं सपा, RJD, TMC और JMM समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि महिला आरक्षण लागू करने के बजाय परिसीमन को उससे जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। INDIA गठबंधन ने विधेयक के विरोध में एकजुट होकर रणनीति बनाने की बात कही है। हालांकि गठबंधन के कुछ सहयोगी दलों के अलग रुख से विपक्षी एकता की परीक्षा भी होने वाली है। सपा प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि वो भारत के क्षेत्रफल को चीन से नहीं बचा पा रहे हैं। हमारी सीमाएं सिकुड़ रही है। वहां लोग हर मुद्दे से बचने के लिए जानकर परिसीमन का फैसला लेकर आ रहे हैं। यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल है।

यह भी पढ़ें:- परिसीमन बिल पर सियासी घमासान तेज, राहुल गांधी बोले- चुनावी नक्शा बदलने का अधिकार किसने दिया ?, INDIA गठबंधन ने रखी 3 मांगें

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि डिलिमिटेशन ला रहे हैं। बहुत साधारण सी बात है। यूपी वो खोना नहीं चाहते हैं और यूपी वो हार रहे हैं। अभी तक उनका कोई नैरेटिव सेट नहीं हुआ। जब कमल मुरझा गया तो क्या नारा दे रहे हैं? राधे राधे कमल खिला दे, जिस पार्टी का कमल मुरझा गया हो उससे क्या उम्मीद करोगे आप? उन्होंने यह भी कहा कि अभी जनगणना चल रही है। UP में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और जातिगत जनगणना कराई जाएगी। हर जाति को उसकी आबादी के हिसाब से अधिकार मिलेंगे। इस पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि अगर देश की आधी आबादी को उनका हक देना सबसे बड़ी गलती अखिलेश यादव को लगती है तो हम यह गलती हर बार करेंगे। अगर देश की महिलाओं को उनका हक दिलाना अखिलेश यादव को सबसे बड़ी गलती लगती है तो हम यह गलती बार-बार प्रतिदिन प्रतिक्षण करेंगे और रही बात जातिगत जनगणना की तो संसद में सरकार ने स्पष्ट कह दिया है कि 2027 की जनगणना के दूसरे चरण में जाति भी दर्ज होगी। भाजपा प्रवक्ता प्रियंक पांडे ने कहा कि अखिलेश यादव को शायद यह पता नहीं है कि लोकतंत्र में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बढ़ाना किसी दल की चुनावी सुविधा के अनुसार नहीं, बल्कि संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार होता है। अखिलेश यादव जी यह भी बताएं कि परिसीमन को लेकर उनकी चिंता किस विषय में है-लोकतंत्र, संविधान या उनकी अपनी चुनावी गणित गड़बड़ा रही है?

जो लोग नहीं आए हैं, उन्हें कहीं न कहीं से मैनेज किया जा रहा: रामजी

सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि कुल मिलाकर सरकार संख्या बल के लिए जो गंदी से गंदी हरकत कर सकती है वो सरकार कर रही है। जो लोग नहीं आए हैं, उन्हें कहीं न कहीं से मैनेज किया जा रहा है। सरकार के पास प्रलोभन के हजारों रास्ते हैं। रामजी लाल सुमन ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि पहले सत्ता पार्टी विभिन्न विषयों पर प्रतिपक्ष के लोगों से सलाह लिया करती थी। कभी-कभी पीठासीन अधिकारी भी विभिन्न दलों के नेताओं से सलाह मशवरा करते थे। ये लोग संसदीय लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं। हमारी जो स्वस्थ और मान्य परंपराएं थी, उनको तहस-नहस कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि इन्हें संसदीय जनतंत्र में विश्वास नहीं है, जहां तक परिसीमन का सवाल है, एक बात बहुत स्पष्ट है कि सरकार ने किसी से कोई सलाह मशविरा नहीं की। दूसरी बात यह है कि जब महिला आरक्षण बिल सर्वसम्मति से सदन ने पास कर दिया तो महिला आरक्षण बिल को लागू करने से कौन रोक रहा था? उसको लागू करें। कुल मिलाकर के परसीमन के नाम पर यह अपनी सुविधा अनुसार क्षेत्रों का निर्धारण करना चाहते हैं, इसके अलावा कुछ नहीं है। (Opposition on Delimitation Bill)

भाजपा की मंशा देशहित में नहीं: अवधेश

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सदन में बिल आएगा, तब उस पर चर्चा की जाएगी। बिल का प्रारूप क्या है, जब तक बिल ना देखा जाए उस पर बात नहीं कर सकते। उन्होंने आगे कहा कि परिसीमन बिल बहुत खतरनाक है, उसके पीछे भाजपा की मंशा देशहित में नहीं है। इसका विरोध होगा। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारा स्टैंड साफ है। बेहतर होता कि सभी दलों को बुलाकर, विमर्श करते तो सरकार के लिए ज्यादा बेहतर होता। राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि सरकार के पाखंड को हम एक्सपोज करेंगे। RJD सांसदों की पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के साथ हुई बैठक के बाद झा ने कहा कि सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और यह तय किया गया कि सरकार के पाखंड को बेनकाब किया जाना चाहिए। जब ​​महिला आरक्षण विधेयक पारित हुआ था, तब भी हमने ‘कोटे के भीतर कोटा’ की मांग की थी। अब हम इस चुप्पी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम इसके खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे। देशभर के वे सभी दल जो सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्ध होने का दावा करते हैं, उन्हें इस मंच पर आना चाहिए और सरकार से स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के नाम पर चल रहे इस पाखंड को तुरंत रोका जाए।

हमारे पास अभी भी नंबर बरकरार है: अभय कुमार

राजद सांसद अभय कुमार सिन्हा ने कहा कि हमारे पास अभी भी नंबर बरकरार है। निश्चित तौर पर भाजपा की राजनीति यही है कि फूट डालो और शासन करो। पूरे छल-बल के साथ वे इस राजनीति का प्रयोग करते रहते हैं। मैं यही कहूंगा कि पूरे देश और दुनिया के लोग इस राजनीतिको देख रहे हैं। निश्चित तौर पर वे कामयाब नहीं होंगे। हम पार्टी के निर्णय के साथ और INDIA गठबंधन के साथ पूरी तरह से अखंड हैं। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि शरद पवार की पार्टी के बारे में खबरें आ रही हैं कि वे समर्थन दे रहे हैं, लेकिन उनका कोई अधिकृत बयान नहीं आया है। ये केवल संख्याबल को पूरा दिखाने के लिए गलत गणित दिखाया जा रहा है। इसके बलबूते संसद में कानून पारित नहीं होगा। कानून तो संख्याबल से पास होगा और सत्ता पक्ष के पास संख्याबल नहीं है। देश के लोगों के लिए ये जानना जरूरी है। आप निश्चिंत रहें, कानून पास नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि ये लोग माहौल बना रहे हैं। माहौल बनाने से देश के सांसद अपनी नीतियों और सिद्धांतों से नहीं हिलते। चंद लोगों को आप मुकदमों के दबाव से जरूर हथिया सकते हैं, लेकिन ये फॉर्मुला हमेशा कारगर नहीं होता।

भाजपा वाले सोच रहे हैं कि उनके पास संख्याबल मौजूद है: डोला

TMC सांसद डोला सेन ने कहा कि शीतकालीन सत्र का समय हो गया है, लेकिन फिर भी मानसून सत्र खत्म नहीं हुआ है। अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है। शीतकालीन सत्र को खत्म भी किया जा सकता है, क्योंकि ‘मोदी है तो मुमकिन है’। भाजपा वाले सोच रहे हैं कि उनके पास संख्याबल मौजूद है, लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि ये इतना सहज नहीं है। शीतकालीन सत्र का समय आने के बाद भी शीतकालीन सत्र के समय को घटाना, जो मन में आए वो करना, दो-तिहाई बहुमत के लिए उन्हें जो-जो करना है वे लोग सब कर रहे हैं। जनता ही उन्हें सबक सिखाएगी। आप चिंतित न हों। TMC नेता सौगत रॉय ने कहा कि अप्रैल में ये लोग परिसीमन बिल पास नहीं कर पाए। इतने दिनों से भाजपा वाले विरोधी पार्टियों को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। अब उन लोगों को लगता है कि उनकी संख्या पूरी हो गई है, इसलिए विशेष सत्र बुलाया गया है। मैं इस पूरे प्रयास की निंदा करता हूं। ये लोकतंत्र विरोधी है। अपनी मनमानी से सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही है। हम लोग इसके विरोध में वोट देंगे। (Opposition on Delimitation Bill)

चीजों को आगे बढ़ाने का अपना संवैधानिक तरीका है: सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार का चीजों को आगे बढ़ाने का अपना संवैधानिक तरीका है। विशेष सत्र में बहस होगी। बहस के बाद बात बाहर आएगी, तब हम आपसे बात करेंगे। JMM नेता मनोज पांडे ने कहा कि महिलाओं के रिजर्वेशन पर तो पहले भी हमारी स्पष्ट राय थी। महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए, 33% क्या उससे भी ज्यादा बढ़ा के दीजिए। उसका बिल भी पास हो चुका था, लेकिन कहीं ना कहीं केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं, उनकी नियत ठीक नहीं है। महिलाओं का आरक्षण तो लागू हो जाना चाहिए था। लेकिन अब परिसीमन के मामले में फंस गया। मैं मानता हूं परिसीमन समय की पुकार है, समय के साथ परिसीमन आवश्यक है, सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए, लेकिन उसके लिए तमाम दलों को विश्वास में लेने की आवश्यकता है। शिवसेना-यूबीटी सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि जब तक संसद में विधेयक पारित नहीं होता वो सिर्फ खबर है। कब्र है या खबर है वो बाद में पता चलता है। शिवसेना(UBT) नेता अनिल देसाई ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के नाम पर NDA सरकार परिसीमन को लेकर आएंगे। उस पर INDIA गठबंधन का स्टैंड और शिवसेना (UBT) का पक्ष लेकर हम आगे जाएंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!