बिहार में नई सरकार गठन की तैयारी तेज, 20 नवंबर को 10वीं बार शपथ लेंगे नीतीश कुमार

Government Formation in Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। NDA ने सरकार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा और जदयू से 16-16 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। जबकि लोजपा (R) कोटे से 2, हम और रालोमो से 1-1 मंत्री शामिल होने की चर्चा है। आज नीतीश सरकार की मौजूदा कैबिनेट की आखिरी बैठक है। उम्मीद है कि इस बैठक में विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली ब्लास्ट को NIA ने बताया फिदायीन हमला, डॉक्टरों के मॉड्यूल की खुली परतें
नीतीश कुमार 20 नवंबर को गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार के कई मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। गांधी मैदान को 17 से 20 नवंबर तक आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। मैदान और आसपास के क्षेत्रों में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिए करीब 500 जवानों की तैनाती होगी, जिनमें केंद्रीय बल भी शामिल रहेंगे। (Government Formation in Bihar)
दिल्ली से पटना तक राजनीतिक हलचल तेज
सरकार गठन को लेकर दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की बैठक हुई। इस बैठक में बिहार में कैबिनेट का स्वरूप, नेतृत्व और मंत्री पदों के वितरण पर चर्चा हुई। वहीं पटना में भाजपा नेताओं की मुलाकात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुई। लोजपा (R), हम और रालोमो के नेताओं से भी अलग-अलग बातचीत की गई। एनडीए के सभी घटक दल-जदयू, भाजपा, लोजपा (R), हम और रालोमो पहले अपने-अपने विधायक दल के नेता चुनेंगे। इसके बाद मंगलवार को होने वाली एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना जाएगा। इसके बाद वे सरकार बनाने का दावा करेंगे।
इतने मंत्री ले सकते हैं शपथ
शपथ ग्रहण में मंत्रियों के शामिल होने को लेकर दो तरह की चर्चाएं हैं। पहला- सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शपथ लें। दूसरा- मुख्यमंत्री के साथ 2 उपमुख्यमंत्री और करीब 20 मंत्री भी शपथ लें। बिहार में अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक जदयू से CM समेत 16 और भाजपा से 2 डिप्टी सीएम समेत 16 मंत्री बनाए जा सकते हैं। साथ ही यह भी चर्चा है कि लोजपा (R) से एक नेता को डिप्टी CM बनाया जा सकता है। (Government Formation in Bihar)
चुनाव आयोग ने खत्म की आचार संहिता
चुनाव आयोग ने बिहार में चुनाव आचार संहिता खत्म करने की घोषणा की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजीयाल ने राजभवन पहुंचकर 243 नवनिर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंपी। उन्होंने कहा कि अब सरकार गठन की प्रक्रिया निर्बाध रूप से शुरू हो सकेगी। इस चुनाव में एनडीए को 202 सीटों के साथ बड़ी जीत मिली, जो तमाम एग्जिट पोल और गठबंधन के नेताओं की उम्मीदों से कहीं आगे रही। महागठबंधन पूरी तरह साफ हो गया। राजद का मुस्लिम-यादव (MY) समीकरण इस बार असरदार नहीं रहा। सीमांचल में मुस्लिम मतदाताओं का झुकाव RJD की बजाय AIMIM की ओर दिखाई दिया।
हार स्वीकार नहीं कर पा रहा विपक्ष
जनसुराज पार्टी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और उसके 99% उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई। 2010 के चुनाव की तरह इस बार भी परिणाम एकतरफा रहे। फर्क सिर्फ इतना है कि तब जदयू सबसे बड़ी पार्टी थी और भाजपा दूसरे स्थान पर, लेकिन इस बार भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी है और जदयू दूसरे नंबर पर रही। चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के प्रदर्शन को भी अच्छा माना जा रहा है। हालांकि महागठबंधन और विपक्षी पार्टियों के नेता इस हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, बल्कि SIR और EVM पर ठिकरा फोड़ रहे हैं। (Government Formation in Bihar)



