Google Analytics —— Meta Pixel

ग्यारह दिवसीय श्री हनुमत महायज्ञ का भव्य समापन, पूर्णाहुति और महाप्रसादी के साथ सम्पन्न

हजारों श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ, समिति ने जताया आभार

Shri Hanuman Mahayagna: बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में 19 जनवरी से 29 जनवरी तक आयोजित ग्यारह दिवसीय श्री हनुमत महायज्ञ का समापन पूर्णाहुति, कलश विसर्जन और महाप्रसादी वितरण के साथ श्रद्धापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। लगातार ग्यारह दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय कलाकारों के साथ अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप बनेगी विशेष कृषि नीति: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

16 वेदपाठी आचार्यों के सान्निध्य में यज्ञ के यजमान उमा शर्मा, दिनेश शर्मा, सविता तिवारी और शिवप्रकाश तिवारी ने संपूर्ण विधि-विधान, व्रत और नियमों का पालन करते हुए विश्व कल्याण, क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए अनुष्ठान सम्पन्न कराया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

पांचवें साल भी बिना बाधा सम्पन्न हुआ आयोजन

यह महायज्ञ आयोजन का पांचवां साल रहा। भविष्य में भी आयोजन निरंतर संपन्न हो सके, इसके लिए यज्ञ स्थल पर स्थायी व्यवस्थाओं का विकास किया गया। बाउंड्रीवाल और दो कमरों का निर्माण पूर्व में नगरपालिका की ओर से कराया गया था। वहीं इस साल प्रवचन और मंचीय कार्यक्रमों के लिए सभागार निर्माण कार्य भी पूर्ण हुआ, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुईं। (Shri Hanuman Mahayagna)

समिति ने जताया सहयोगियों के प्रति आभार

धर्म रक्षार्थ यज्ञ और जनसेवा समिति बलौदाबाजार के अध्यक्ष विवेक आनंद तिवारी ने समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, नगर की मातृशक्ति, युवा कार्यकर्ताओं, धर्मानुरागियों, व्यापारियों, उद्यमियों, नगरवासियों, ग्रामवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि सभी के सहयोग से ही इतना विशाल धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक समन्वय का केंद्र बना आयोजन

पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। महायज्ञ ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश दिया। (Shri Hanuman Mahayagna)

Back to top button
error: Content is protected !!