Google Analytics —— Meta Pixel

UNGA में पाक PM के झूठे दावों पर भारत का पलटवार, आतंकवाद पर उठाए गंभीर सवाल

Pak PM Statement Reaction: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में दिए गए भाषण पर भारत में कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। भारतीय राजनयिकों और नेताओं ने शरीफ के दावों को झूठा और भ्रामक बताते हुए कहा कि पाकिस्तान को पहले अपनी जमीन से आतंकवाद का सफाया करना चाहिए। पूर्व भारतीय राजनयिक महेश सचदेव ने शरीफ के भाषण को तथ्यों से परे करार दिया। साथ ही कहा कि यह भाषण किसी बॉलीवुड फिल्म में भूमिका निभाने जैसा था। यह एक झूठी कहानी थी, जिसे भारत ने अपने जवाब में पहले ही ध्वस्त कर दिया है। पाकिस्तान की विदेश नीति का आधार आतंकवाद है, जो सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अफगानिस्तान तक फैला हुआ है।

यह भी पढ़ें:- ​​​​​​​पाकिस्तानी PM ने UN में हिंदुत्व को दुनिया के लिए बताया खतरा, भारत को दुश्मन बताते हुए जीत का किया दावा

महेश सचदेव ने कहा कि ओसामा बिन लादेन लगभग एक दशक तक पाकिस्तानी सेना की छांव में रहा। पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर हमले और पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों की भागीदारी ही शरीफ की बातों का सबसे बड़ा जवाब है। पाकिस्तान की दोहरी नीति पर किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए। पूर्व राजनयिक केपी फैबियन ने कहा कि पाकिस्तान को अपने रवैये में बदलाव करना होगा। पाकिस्तान के लिए हमारे आतंकवादी उनके ‘कश्मीरी भाई’ हैं। यह शब्दों का खेल है, लेकिन अगर पाकिस्तान बातचीत चाहता है तो उसे सबसे पहले यह ऐलान करना होगा कि उसकी धरती से भारत को आतंकवाद का निर्यात नहीं होगा। इसके बाद वह अपने आतंकी ढांचे को खत्म करे और संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों की टीम से इसकी पुष्टि कराए, तभी भारत को सिंधु जल संधि बहाल करके बातचीत आगे बढ़ानी चाहिए। (Pak PM Statement Reaction)

झूठ बोलने में पाकिस्तान अव्वल: एसपी वैद

उन्होंने कहा कि भारत-पाक मतभेदों को द्विपक्षीय रूप से ही सुलझाना होगा। किसी तीसरे देश की मध्यस्थता से मदद नहीं मिलेगी। जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने शरीफ पर तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई देश झूठ बोलने के लिए नोबेल पुरस्कार का हकदार है तो वह पाकिस्तान है। चाहे शहबाज शरीफ हों या धोखाधड़ी करने वाले जनरल असीम मुनीर दोनों को झूठ बोलने के लिए यह पुरस्कार मिलना चाहिए। शरीफ को मेरा जवाब है कि पहले आप खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान के लोगों पर अत्याचार बंद करें। यह भारत नहीं बल्कि पाकिस्तान की सेना है, जो अपने ही नागरिकों पर बमबारी करती है। (Pak PM Statement Reaction)

गीदड़ शेर नहीं बन सकता: शिंदे

महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने भी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शहबाज शरीफ को अपनी हद में रहना चाहिए। शेर की खाल पहनने से गीदड़ शेर नहीं बन जाता। साफ है कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए गए भाषण ने भारत में कड़ा विरोध पैदा किया है। राजनयिकों से लेकर राज नेताओं तक सभी का मानना है कि पाकिस्तान पहले अपनी जमीन से आतंकवाद खत्म करे, तभी संवाद की कोई संभावना बन सकती है। (Pak PM Statement Reaction)

Back to top button
error: Content is protected !!