आतंकियों का नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
PM on Pahalgam Attack: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले को लेकर कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें:- पहलगाम हमले में भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की मौत, अब तक 27 पर्यटकों की गई जान, उरी में 2 आतंकी ढेर
आतंकी हमले को लेकर इजरायल दूतावास के प्रवक्ता गाय नीर ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले से बहुत दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इजरायल भारत के साथ एकजुट है। भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो काउसिनो ने कहा कि हम इस घृणित आतंकवादी कृत्य के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। अर्जेंटीना सभी प्रकार के आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरता को खारिज करने में भारत के साथ खड़ा है। हमेशा जीवन के साथ और आतंक के खिलाफ है। (PM on Pahalgam Attack)
भारतीय राजदूत सुहेल एजाज खान ने जताया दुख
सऊदी अरब में भारतीय राजदूत सुहेल एजाज खान ने कहा कि कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमले पर चर्चा की गई और महामहिम क्राउन प्रिंस ने आतंकी हमले की निंदा की और इस संबंध में भारत को हरसंभव मदद की पेशकश की। भारत और सऊदी अरब आतंकवाद से संबंधित मुद्दों पर सहयोग करते हैं और हम साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने ट्वीट कर कहा कि पहलगाम में आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना। नेपाल भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और आतंकवाद के किसी भी और सभी कृत्यों की कड़ी निंदा करता है। पीड़ितों में एक नेपाली नागरिक की रिपोर्ट की पुष्टि करने के लिए निकट समन्वय स्थापित किया गया है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। (PM on Pahalgam Attack)
भारत के साथ मजबूती से खड़ा है अमेरिका: ट्रंप
यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने ट्वीट कर कहा कि कश्मीर में हुआ भयानक आतंकवादी हमला अत्यंत विनाशकारी है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों, उनके प्रियजनों और भारत के लोगों के साथ हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा- कश्मीर से बहुत परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ अमेरिका मजबूती से खड़ा है। हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के अविश्वसनीय लोगों को हमारा पूरा समर्थन और गहरी सहानुभूति है। हमारी संवेदनाएं आप सभी के साथ हैं। (PM on Pahalgam Attack)



