Google Analytics —— Meta Pixel

देश में रफ्तार का कहर जारी, पुणे में 10, अनूपपुर में 5 और लद्दाख में 6 लोगों की मौत, जम्मू-श्रीनगर में 2 पुलिसकर्मियों की गई जान

Road Accident in India: देश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला महाराष्ट्र के पुणे के पास महालुंगे का है, जहां पापलवाड़ी गांव में एक पिकअप 25-30 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई है। पिकअप में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे सवार थे। हादसे में कुल 9 महिलाओं की मौत हुई है, जो किसान थीं और पूजा के लिए कुंडेश्वर मंदिर जा रही थीं। जबकि 18 से ज्यादा महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई है। हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ, जब घुमावदार घाट पर ड्राइवर ने गाड़ी से कंट्रोल खो दिया और पिकअप पैठ-कोहिंडे बॉर्डर के नागमोड़ी घाट पर खाई में गिर गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें:- अवर्षा से सूख रही धान की फसल, नहर में पानी छोड़ने की मांग तेज – 15 अगस्त को चक्काजाम की चेतावनी

पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के डीसीपी शिवाजी पवार ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों के परिवारों को 4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। जानकारी के मुताबिक पिकअप में करीब 30 महिलाएं और बच्चे सवार थे। क्षमता से ज्यादा श्रद्धालु बैठाने के कारण पिकअप का बैलेंस बिगड़ गया। जिला प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं MP के अनूपपुर में एक स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद स्कॉर्पियो पलटी खाते हुए निर्माणाधीन मकान में घुस गई। गाड़ी इतनी रफ्तार से पलटते हुए गई की आगे का कांच टूट गया, जिससे निकलकर दो युवक बाहर गिर गए। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। (Road Accident in India)

5 गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसा रामनगर थाना क्षेत्र के रेऊंदा गांव में हुआ। स्कॉर्पियो सवार अनूपपुर के कोतमा से बेलिया जा रहे थे। मृतकों में से चार स्कॉर्पियो और एक बाइक सवार शामिल है। लद्दाख के सरचू इलाके में मनाली-लेह हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद सेना ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक इलाज दिया। फिर उन्हें एयरलिफ्ट करके लेह ले जाया गया। इलाज के दौरान सभी घायलों की मौत हो गई है। दरअसल, लेह-लद्दाख रोड पर अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर लुढ़ककर कार से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी तरफ पहाड़ी से जा टकराई। (Road Accident in India)

इधर, श्रीनगर में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। सब इंस्पेक्टर सचिन वर्मा, शुभम और मस्तान सिंह अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी के बाद श्रीनगर से जम्मू वापस जा रहे थे, तभी लासजान क्षेत्र के टेंगन में हादसा हो गया, जिसमें सचिन वर्मा, शुभम की मौत हुई और मस्तान सिंह घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। जम्मू-कश्मीर के ही रियासी जिले में बस सड़क से फिसलकर नीचे चली गई, जिसमें सवार 26 यात्री घायल हो गए। बस रियासी से कटरा की ओर जा रही थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घायलों को रियासी जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ यात्रियों की हालत गंभीर है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। (Road Accident in India)

Back to top button
error: Content is protected !!