“TMC का हिसाब करो… गुंडों को उल्टा लटकाएंगे”- अमित शाह का बंगाल से धमाकेदार ऐलान

जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बुधवार को जलपाईगुड़ी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।
यह भी पढ़े :- कैबिनेट बैठक खत्म: छत्तीसगढ़ में Uniform Civil Code लागू करने की तैयारी, कई बड़े फैसलों पर लगी मुहर
सभा की शुरुआत में शाह ने बंगाली नववर्ष ‘पोइला बैसाख’ की शुभकामनाएं देते हुए “सोनार बांग्ला” के निर्माण की बात कही। इसके बाद उन्होंने कहा कि जलपाईगुड़ी से ही राज्य में बदलाव की शुरुआत होगी और यहां की सभी सीटें भाजपा के पक्ष में जानी चाहिए।
TMC पर लगाए गंभीर आरोप
शाह ने आरोप लगाया कि राज्य में TMC के नेताओं द्वारा ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों से “कटमनी” वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद इस व्यवस्था को खत्म किया जाएगा और “गुंडाराज” पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर हमला
गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर अपराध और माफिया नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने दावा किया कि बाढ़ राहत राशि में भी घोटाला हुआ है और दोषियों से पैसा वापस लिया जाएगा।
चाय बागान श्रमिकों के लिए वादा
शाह ने चाय बागान उद्योग की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर 2.5 साल के भीतर श्रमिकों का वेतन 500 रुपये से अधिक किया जाएगा। साथ ही, श्रमिकों को भूमि का पट्टा देकर मालिकाना हक देने का वादा भी किया।
गोरखा मुद्दे के समाधान का भरोसा
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गोरखा समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है और चुनाव के बाद इसका संवैधानिक समाधान निकाला जाएगा।
घुसपैठ और अन्य मुद्दों पर बयान
शाह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर “घुसपैठियों” को चिन्हित कर राज्य से बाहर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू किए जाएंगे और किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा।
बाबरी मस्जिद को लेकर टिप्पणी
सभा में शाह ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी को “बाबरी मस्जिद” बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और राज्य की कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।
जलपाईगुड़ी रैली में अमित शाह ने कानून-व्यवस्था, घुसपैठ, चाय बागान और गोरखा मुद्दे को केंद्र में रखकर चुनावी माहौल को गरमा दिया है, जिससे पश्चिम बंगाल की सियासत और तेज होती नजर आ रही है।



