Google Analytics —— Meta Pixel

बिहार और UP में जहरीली शराब से 10 लोगों की मौत, कई हुए अंधे, अवैध शराब नेटवर्क पर उठे बड़े सवाल

Death Due to Poisonous Liquor: बिहार के मोतिहारी और उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आई शराब से मौतों की घटनाओं ने एक बार फिर देश में अवैध शराब के खतरनाक नेटवर्क और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में कई लोगों की जान गई, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पहला मामला बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी का है, जहां जहरीली शराब ने एक बार फिर तबाही मचाई है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव से शुरू हुआ यह मामला तेजी से फैलता गया। जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम कुछ लोगों ने संदिग्ध शराब का सेवन किया, जिसके कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

यह भी पढ़ें:- रायपुर को मिलेगी ट्रैफिक से राहत: इस साल बनेंगे 4 नए फ्लाईओवर, 360 करोड़ मंजूर

लक्षणों में उल्टी, चक्कर, सांस लेने में तकलीफ और आंखों की रोशनी कम होना शामिल था। धीरे-धीरे मामला गंभीर होता गया और अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से 6 लोगों की आंखों की रोशनी पूरी तरह चली गई है। मृतकों में चंदू कुमार, प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत और संपत साह शामिल हैं। शुरुआती में एक शख्स की मौत हुई, जिसका परिवार ने जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया, जिसके चलते मामला कुछ समय तक दबा रहा, लेकिन बाद में अन्य मरीजों की हालत बिगड़ने पर पूरे कांड का खुलासा हुआ। घायलों का इलाज मोतिहारी के अलग-अलग अस्पतालों के साथ-साथ SKMCH में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक शराब में मिथाइल अल्कोहल मिलाया गया था, जो अत्यंत जहरीला होता है।

मिथाइल अल्कोहल का प्रभाव

मिथाइल अल्कोहल के प्रभाव से अंधापन, कोमा, फेफड़ों की खराबी और मल्टी ऑर्गन फेलियर जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो जाती हैं। इलाज के लिए एंटीडोट और डायलिसिस का सहारा लिया जा रहा है, लेकिन कई मरीजों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की गई है। अब तक 12 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि अवैध शराब तस्करों की पूरी चेन को चिन्हित कर लिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई हुई है। तुरकौलिया थाना के SHO को सस्पेंड किया गया। जबकि एक चौकीदार को गिरफ्तार किया गया है। (Death Due to Poisonous Liquor)

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब की यह खेप कहां से आई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस घटना ने बिहार की राजनीति को भी गर्म कर दिया है। पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने शराबबंदी को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि राज्य में 1300 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं और जहरीली शराब का धंधा खुलेआम चल रहा है। वहीं डिप्टी CM विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच जारी है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दोषियों की गिरफ्तारी के साथ स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। जबकि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शराबबंदी को सफल बनाने के लिए प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी बताई। (Death Due to Poisonous Liquor)

मेरठ में भी 3 की मौत, जांच जारी

इधर, उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के दौराला क्षेत्र में भी संदिग्ध शराब पीने से 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में जितेंद्र कश्यप, बाबूराम प्रजापति और अंकित शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों ने एक साथ देसी शराब का सेवन किया था, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब सरकारी दुकान से खरीदी गई थी और वही जहरीली थी। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने अस्पताल में हंगामा भी किया। हालांकि प्रशासन ने प्रारंभिक जांच में कहा है कि मौत किसी अन्य जहरीले पदार्थ से भी हो सकती है। सच्चाई का पता लगाने के लिए शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। बिसरा जांच कराई जा रही है। संदिग्ध ब्रांडों की जांच भी की जा रही है और एक ब्रांड की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

बार-बार दोहराई जा रही त्रासदी

मेरठ में संबंधित शराब ठेका सील कर दिया गया। 2 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस और आबकारी विभाग की कई टीमें जांच में जुटी हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। मोतिहारी और मेरठ की ये घटनाएं अलग-अलग राज्य की जरूर हैं, लेकिन समस्या एक ही है- जहरीली शराब का अवैध कारोबार। ये घटनाएं बताती हैं कि अवैध शराब माफिया सक्रिय हैं। सस्ती शराब के लालच में लोग जान जोखिम में डाल रहे हैं। निगरानी और नियंत्रण में गंभीर खामियां हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि हर बार ऐसी घटनाओं के बाद कार्रवाई होती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है। (Death Due to Poisonous Liquor)

Back to top button
error: Content is protected !!