नंदकुमार साय का कांग्रेस में जाना औचित्यहीन है: रामविचार नेताम

Ramvichar on Nandkumar Sai: छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ आदिवासी नेता रामविचार नेताम ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नंदकुमार साय के कांग्रेस प्रवेश से मैं व्यक्तिगत रूप से आहत हूं। वे हमारे कुशल मार्गदर्शक और मेरे शुभचिंतक हैं, लेकिन आज की परिस्थिति में उनका कांग्रेस में प्रवेश होना और उनका वक्तव्य कि उनका ये निर्णय आदिवासी हितों की रक्षा से जुड़ा हुआ है, ये अपने आप में एक बड़ा प्रश्न चिन्ह है।

यह भी पढ़ें:- NandKumar Sai joins Congress: छत्तीसगढ़ बीजेपी को बड़ा झटका, नंदकुमार साय ने थामा कांग्रेस का दामन

नेताम ने कहा कि जिन आदिवासी हितों के लिए सालों- साल नंदकुमार साय कांग्रेस की खिलाफत करते रहे, आज उसी कांग्रेस की गोद में बैठने से आदिवासी हितों का संरक्षण कहां से हो गया। ये मेरे और किसी के लिए भी समझ से परे हैं। ऐसे व्यक्ति और समाज का प्रतिनिधित्व करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जो कुछ भी किया है, इसके लिए प्रशंसा के शब्द भी कम पड़ जाते हैं। एक छोटे परिवार में भी अनबन की स्थिति बनी रहती है, लेकिन इसका ये मतलब नहीं कि कोई अपने पड़ोस के परिवार में जा कर शामिल हो जाए। (Ramvichar on Nandkumar Sai)

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संपूर्ण समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली हम सभी की एक बड़ी पारिवारिक पार्टी है। ऐसे में आदिवासी समाज के इतने बड़े नेता का कांग्रेस में जाना औचित्यहीन है। निश्चित रूप से इनके कांग्रेस प्रवेश की अंदर की कहानी कुछ और होगी, जिसकी पड़ताल की जाएगी और मेरे साथ, पार्टी का ये प्रयास रहेगा कि नंदकुमार साय को वापस उनके वास्तविक कर्म क्षेत्र में ला सकें। (Ramvichar on Nandkumar Sai)

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी नंदकुमार साय को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- नंदकुमार साय एक वरिष्ठ नेता हैं, भाजपा ने हमेशा उनका सम्मान किया। पार्टी में रहते हुए उन्होंने विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष से लेकर 3 बार लोकसभा, 2 बार राज्यसभा सदस्य समेत राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष जैसा पदभार संभाला। आज इस सारे सम्मान के बाद संघर्ष के समय में उनका कांग्रेस प्रवेश समझ से परे है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने नंदकुमार के कांग्रेस में शामिल होने के बाद रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा- कांग्रेस डूबती नैया है, दुनिया जानती है, डूबती नैया पर सवार हुए हैं। देश को भ्रष्टाचार के गर्त में ले गए। कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों पर बात किया करते थे। विरोध करते थे आज उसी कांग्रेस में चले गए। उनका इस तरह एक ऐसी पार्टी में चला जाना जिस पार्टी ने निजी तौर पर भी उन्हें प्रताड़ित करने, शारीरिक हमला तक करा उनकी जान तक ले लेने की साजिश रची हो, हम सबके लिए दुखद है। अजीत जोगी की सरकार के वक्त विरोध प्रदर्शन में उनका पैर टूट गया था। (Ramvichar on Nandkumar Sai)

Related Articles

Back to top button