भाजपा विधायक इंद्र कुमार साहू के बयान से मचा बवाल, गद्दार कहने पर कार्यकर्ताओं ने मंच पर जताया विरोध

BJP MLA Indrakumar Sahu: रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र के भिलाई गांव में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के दौरान उस समय माहौल अचानक गरमा गया, जब भाजपा विधायक इंद्र कुमार साहू के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायक इंद्र कुमार साहू अपने संबोधन में संगठन में अनुशासन और निष्ठा पर जोर दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी में गद्दारी करते हैं, वे प्रवक्ता बना दिए जाते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने पार्टी की नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस के व्यक्ति को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
यह भी पढ़ें:- जशपुर में 20 परिवारों की घर वापसी, धर्मांतरण के खिलाफ कानून को लेकर सियासी संग्राम तेज
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी से निष्ठा रखने वालों को तकलीफ होती है, लेकिन गद्दारी करने वालों को कभी तकलीफ नहीं होती। विधायक के इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। कई कार्यकर्ता अपनी सीटों से उठ खड़े हुए। कुछ कार्यकर्ता मंच तक पहुंच गए और विधायक से तीखी बहस शुरू हो गई। स्थिति इतनी बढ़ गई कि हल्की धक्का-मुक्की की नौबत भी आ गई। हालांकि मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। (BJP MLA Indrakumar Sahu)
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यकर्ताओं और विधायक के बीच तीखी बहस साफ देखी जा सकती है। विधायक समर्थकों का कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस इसे कार्यकर्ताओं का अपमान बता रहे हैं। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि कभी-कभी सही बात जुबान पर आ ही जाती है। देश के लोगों के साथ जैसा व्यवहार हुआ, वही बातें अब बाहर आ रही हैं। इस पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि वीडियो की सत्यता की जांच जरूरी है। ऐसे मामलों को पार्टी फोरम में देखा जाता है। (BJP MLA Indrakumar Sahu)
वीडियो देखकर उचित संज्ञान लेगा शीर्ष नेतृत्व: मंत्री जायसवाल
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आगे कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर चलती है। शीर्ष नेतृत्व वीडियो देखकर उचित संज्ञान लेगा। अब यह मामला पार्टी के अंदरूनी अनुशासन और नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा। वीडियो वायरल होने के बाद यह विवाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल इस पूरे मामले ने भाजपा के अंदरूनी हालात और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को खुलकर सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है और इंद्र कुमार साहू के बयान पर क्या कार्रवाई होती है।



