जलभराव में डूबने से 3 बच्चों की मौत, लाल किला से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक सभी तरफ पानी-पानी

Delhi Waterlogging: देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। इस बीच मुकुंदपुर में जलभराव में  डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि तीनों शव अस्पताल भेजे गए हैं। जलभराव में बच्चे कैसे डूबे इसकी जांच की जा रही है। इधर, दिल्ली में 4 दिन से यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर है। शुक्रवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर 208.40 मीटर पहुंच गया है। ये खतरे के निशान 205 मीटर से 3.4 मीटर ज्यादा है।

यह भी पढ़ें:- मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर ED और CBI को नोटिस, SC ने 28 जुलाई तक मांगा जवाब

बता दें कि दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर सड़क पर पानी भर गया है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लालकिले, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। यहां 3 फीट तक पानी भर गया। हालात बिगड़ते देख CM अरविंद केजरीवाल ने ड्रेनेज ठीक करने के लिए सेना की मदद मांगी। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज के मुताबिक ITO के पास 12 नंबर ड्रेनेज का रेगुलेटर टूटने से बाढ़ का पानी आ रहा है। CM केजरीवाल ने कहा कि रेगुलेटर को आज ठीक कर लिया जाएगा। (Delhi Waterlogging)

वहीं दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और CM अरविंद केजरीवाल ने ITO के पास टूटे ड्रेनेज का निरीक्षण किया। LG ने कहा कि ये समय किसी को दोष देने या टिप्पणी करने का नहीं है। अभी हमें टीम वर्क करने की जरूरत है। मैं भी बहुत कुछ कह सकता हूं, लेकिन अभी इसकी जरूरत नहीं है। NDRF के DIG मोहसिन शहीदी ने बताया कि दिल्ली में बाढ़ से 6 जिले प्रभावित हैं।लोगों की मदद के लिए NDRF की 16 टीमें लगाई गई हैं। 2 हजार 700 राहत शिविर लगाए गए हैं। राजधानी के सभी स्कूल-कॉलेज रविवार तक बंद रहेंगे। सरकारी दफ्तरों में वर्कफ्रॉम होम लागू कर दिया है। (Delhi Waterlogging)

लाल किले में पानी भर जाने से टूरिस्ट के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है। यमुना के आस-पास से 23 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को फोन करके दिल्ली में बाढ़ के हालात का जायजा लिया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के अंदर दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, ओडिशा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में भारी बारिश हो सकती है। इधर, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। (Delhi Waterlogging)

Related Articles

Back to top button