
Samuhik Kanya Vivah Yojana: रायगढ़ में महिला और बाल विकास विभाग की ओर से पटेलपाली स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 58 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। वित्त मंत्री चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दी और प्रत्येक जोड़े को 5-5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए रायगढ़ के गायत्री परिवार शाखा का भी आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अवैध शराब को लेकर कार्रवाई तेज, बलरामपुर और मुंगेली में कच्ची शराब जब्त
वित्त मंत्री चौधरी ने अपने संबोधन में दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से दहेज मुक्त समाज की दिशा में प्रभावशाली संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि आज के समाज में दहेज प्रथा से ज्यादा कुप्रथा कुछ भी नहीं है। घर की बेटियों को इस कुरीति के चलते कितनी समस्या और कठिनाइयों से गुजरना पड़ता था, यह कल्पना से परे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना न केवल विवाह को सरल बनाती है, बल्कि नवदंपतियों को आर्थिक संबल भी प्रदान करती है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह के माध्यम से आज परिणय सूत्र में बंध रहे नवदंपत्ति समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। सामूहिक विवाह कोई निर्धन व्यक्ति करता है ऐसा नहीं है, जो व्यक्ति अपने सोच से समृद्ध होता है वह व्यक्ति ऐसे पुनीत कार्य के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश देता है, जो आज आपने किया। (Samuhik Kanya Vivah Yojana)
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि इस योजना से समाज में यह संदेश जाता है कि विवाह के लिए दिखावा और अनावश्यक खर्च जरूरी नहीं है, बल्कि सादगी और सामाजिक सहयोग से भी पवित्र बंधन को मजबूती दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से लगातार जनहितैषी योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन कर रहे हैं। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने भी वर-वधू को नव दांपत्य जीवन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, जनपद अध्यक्ष सुजाता सुखलाल चौहान, हेमलता हरिशंकर चौहान, रामश्याम डनसेना, खीरमती चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। (Samuhik Kanya Vivah Yojana)